दोहा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कतर यात्रा के दौरान कतर एयरवेज ने अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग के साथ एक बड़ी डील पर हस्ताक्षर किए। यह सौदा 160 विमानों के लिए किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 200 अरब डॉलर बताई जा रही है।
इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर समारोह 14 मई को दोहा में हुआ, जिसमें ट्रंप और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि यह सौदा बोइंग के इतिहास का सबसे बड़ा ऑर्डर है। ट्रंप ने बोइंग के सीईओ केली ओर्टबर्ग का हवाला देते हुए कहा, “यह 200 अरब डॉलर से भी ऊपर का सौदा है, जिसमें 160 जेट शामिल हैं। यह एक रिकॉर्ड है।”
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस डील में बोइंग के कौन-कौन से विमान शामिल होंगे और यह ऑर्डर पक्का (firm) है या सिर्फ विकल्प (options) के तौर पर रखा गया है।
बोइंग ने अपने विमानों की सूची कीमतें अब जारी नहीं करता, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार सबसे महंगा विमान 777X माना जाए तो 160 विमानों की कीमत लगभग 70 अरब डॉलर बैठती है। लेकिन एयरलाइंस को बड़े ऑर्डर पर आमतौर पर काफी छूट मिलती है।
बोइंग और कतर एयरवेज दोनों ने फिलहाल इस डील पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि ट्रंप की खाड़ी देशों की यात्रा के तहत यह उनका दूसरा पड़ाव था। इससे पहले उन्होंने 13 मई को सऊदी अरब में कई अहम समझौते किए थे।

