इटली के मेसिना शहर स्थित एक संग्रहालय से 15वीं सदी के मशहूर पुनर्जागरण कालीन चित्रकार एंटोनेलो दा मेसिना की चार कलाकृतियां चोरी हो गईं। चोरी की घटना शनिवार, 15 अगस्त की रात हुई। इटली के संस्कृति मंत्री ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए पुलिस जांच पर भरोसा जताया है।
चोर म्यूजियो रीजनाले दी मेसिना में घुसे और वहां रखी एंटोनेलो दा मेसिना की चार कलाकृतियां लेकर फरार हो गए। यह चोरी ऐसे समय हुई, जब इटली में राष्ट्रीय अवकाश था और गर्मियों का पर्यटन सीजन अपने चरम पर था।
वेदी चित्रावली के तीन पैनल चोरी
चोरों ने ‘पोलिप्टिको दी सैन ग्रेगोरियो’ नाम की वेदी चित्रावली के बचे हुए पांच पैनलों में से तीन को चुरा लिया। इसके अलावा एक सुरक्षित शोकेस में रखी छोटी दो तरफा पेंटिंग भी चोरी कर ली गई।
इस छोटी पेंटिंग के एक तरफ मां मरियम और बाल यीशु के साथ एक फ्रांसिस्कन भिक्षु को दिखाया गया है, जबकि दूसरी तरफ ईसा मसीह का चित्र बना है।
मेसिना के लिए बड़ा सांस्कृतिक नुकसान
चोरी हुई कलाकृतियां मेसिना के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इनमें उस पुनर्जागरण चित्रकार की वह कृति भी शामिल है, जो उनके जन्मस्थान मेसिना में बची हुई उनकी एकमात्र कृति थी।
चोरी हुई छोटी पेंटिंग को सिसिली क्षेत्र ने करीब 20 साल पहले खरीदा था।
पुलिस जांच पर संस्कृति मंत्री को भरोसा
इटली के संस्कृति मंत्री ने चोरी की जांच को लेकर भरोसा जताया है। वहीं, रॉयटर्स से संपर्क करने पर संग्रहालय के एक अधिकारी ने फिलहाल मामले से जुड़ी कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
दूसरी चोरी के बाद बरामद हुईं मशहूर पेंटिंग
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब इटली की पुलिस ने एक दिन पहले ही तीन मशहूर पेंटिंग बरामद की थीं। ये पेंटिंग फ्रांस के महान चित्रकार पॉल सेजां, पियरे-ऑगस्ट रेनुआर और हेनरी मातिस की थीं।
यह भी पढ़ें – वेस्ट बैंक में हिंसा रोकने की पोप लियो की अपील, दो-राष्ट्र समाधान पर दिया जोर
इन तीनों कलाकृतियों को मार्च में उत्तरी इटली के पार्मा शहर के पास स्थित एक संग्रहालय से चोरी किया गया था। अब मेसिना संग्रहालय से एंटोनेलो दा मेसिना की चार कलाकृतियों की चोरी ने इटली में ऐतिहासिक कला और संग्रहालयों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

