लखनऊ, 21 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग दोहराई है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित ‘हिन्दू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में उन्होंने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

मौर्य ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कल्याण सिंह के त्याग, संकल्प और श्रीराम के प्रति उनकी आस्था की गौरवपूर्ण परिणति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का त्याग कर बाबूजी ने अपने सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण पेश किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक गौरव और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि कल्याण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का दिन दूर नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – AIIMS दिल्ली ने शुरू किया रेटिना ट्रेनिंग प्रोग्राम, 3 साल में 100 से ज्यादा डॉक्टरों को मिलेगा प्रशिक्षण

