Tuesday, September 8, 2026
HomeLatestशक्ति सिंह की पहल से छात्राओं को राहत

शक्ति सिंह की पहल से छात्राओं को राहत

मऊ। राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने महाविद्यालय में छात्राओं की जरूरतों को देखते हुए कुर्सियां, वाटर कूलर और बारिश से बचाव के लिए छतरियां उपलब्ध कराई हैं।

शक्ति सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय को गोद लेने की घोषणा की थी। उसी पहल को आगे बढ़ाते हुए वह लगातार महाविद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में छात्राओं को ठंडा पेयजल मिल सके, इसके लिए वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। वहीं बरसात के दिनों में आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए छतरियां उपलब्ध कराई गई हैं। छात्राओं के बैठने की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कुर्सियां भी दी गई हैं।

इस अवसर पर शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना जरूरी है, लेकिन समाज के जागरूक और जिम्मेदार लोगों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया छोटा सा योगदान भी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने में मददगार साबित होता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन की सार्थकता तभी है, जब समाज की जरूरतों को समझते हुए जमीन पर काम किया जाए। उन्होंने कहा, “छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और मूलभूत सुविधाएं मिलें, यही हमारा उद्देश्य है। सरकारी प्रयासों के साथ हम अपनी ओर से भी हर संभव सहयोग करते रहेंगे।”

मऊ के विकास को लेकर शक्ति सिंह ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हमें अपने मऊ में अपराध के कीचड़ को साफ करके विकास की गंगा बहानी है। मऊ की पहचान अपराध और भय से नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य से हो—यह हमारा संकल्प होना चाहिए।”

उन्होंने युवाओं से भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। उनका कहना था कि जनसेवा को केवल राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व के रूप में देखा जाना चाहिए। राजकीय महिला महाविद्यालय में किया गया यह प्रयास उसी सोच का हिस्सा है।

शक्ति सिंह लंबे समय से छात्र और युवा राजनीति से जुड़े रहे हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष हैं और वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा पश्चिम बंगाल प्रभारी के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।

महाविद्यालय में छात्राओं के लिए की गई इस पहल को शिक्षा और जनसेवा से जुड़ा सकारात्मक कदम माना जा रहा है। शक्ति सिंह ने भविष्य में भी महाविद्यालय की आवश्यकताओं के अनुसार सहयोग जारी रखने की बात कही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments