नीदरलैंड्स के जोनाथन जैकब मीजेर पर है गंभीर आरोप
“The Man With 1000 Kids” : नेटफ्लिक्स पर एक डॉक्युमेंट्री है जो सच्ची कहानी पर आधारित है और फिल्म का नाम है ‘द मैन विद 1000 किड्स’, मतलब एक हजार बच्चों के जन्म में योगदान देने वाला एक शख्स। जी हां, सुनने में शायद आपको ये बात बहुत अजीब लग सकती है लेकिन नीदरलैंड्स के जोनाथन जैकब मीजेर पर ऐसा ही आरोप है और फिलहाल कोर्ट में इस मामले में सुनवाई चल रही है।

जोनाथन का दावा – सैकड़ों परिवारों में आई खुशियां
डच अधिकारियों का आरोप है कि जोनाथन जैकब ने सरकारी कानून के खिलाफ जाकर साल 2023 में स्पर्म बेचना जारी रखा था और उस साल उन्होंने करीब एक हजार बच्चों के जन्म में अपना योगदान दिया था। हालांकि जोनाथन इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं और अपने बचाव में कहते हैं कि उन्होंने जो स्पर्म डोनेट किया उससे सैकड़ों ऐसे परिवार हैं जिनकी जिंदगी में खुशियां आई।
नीदरलैंड्स के कानून को तोड़कर बेचा स्पर्म
एक अंतर्राष्ट्रीय न्यूज कंपनी को उन्होंने दिए इंटरव्यू में अपना पक्षा रखा और खुद को बेकसूर बताया है। कुछ लोगों ने जोनाथन पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन पर आरोप है कि केवल नीदरलैंड्स में जोनाथन ने करीब सौ बच्चों के जन्म में अपना योगदान दिया जबकि नीदरलैंड्स में कानून है कि कोई भी स्पर्म डोनर केवल 25 बच्चों के जन्म में ही अपना योगदान दे सकता है।
जोनाथन जैकब के खिलाफ कोर्ट ने सुनाया फैसला
साल 2017 में जोनाथन के खिलाफ नीदरलैंड्स में एक अदालत ने फैसला सुनाया। इस फैसले के तहत उन पर और स्पर्म डोनेट करने पर रोक लगा दी गई। मतलब फर्टिलिटी क्लीनिक को जोनाथन और स्पर्म डोनेट या बेच नहीं सकते थे। उन पर ये आरोप लगा कि स्पर्म डोनेट की पिछली जानकारी उन्होंने नहीं दी, जिससे ये पता चल सके कि वो कितने बच्चों के लिए अपना स्पर्म डोनेट कर चुके हैं.

जोनाथन जैकब ने डॉक्युमेंट्री में शामिल होने से किया था इंकार
नेटफ्लिक्स जब इस फिल्म की योजना बना रहा था, तो निर्माताओं ने जोनाथन जैकब से भी फिल्म में भाग लेने के लिए संपर्क किया था लेकिन जोनाथन ने ‘द मैन विद 1000 किड्स’ डॉक्युमेंट्री में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया था.
जोनाथन से ठगा महसूस कर रहे हैं कई परिवार
अब जोनाथन के बारे में सच सामने आने के बाद कई महिलाएं बेहद नाराज हैं और खुद को ठगा महसूस कर रही हैं, उनको लग रहा है कि उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने एक मीडिया संगठन से बात करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनमें से कुछ ने उनकी इस हरकत से सगे-संबंधियों के बीच यौन संपर्क का खतरा बताया है। हालांकि इन सभी आरोपों को जोनाथन जैकब मीजेर ने खारिज कर दिया है।

17 साल से स्पर्म डोनेट कर रहे हैं जोनाथन जैकब मीजेर
जोनाथन करीब सत्रह सालों से स्पर्म डोनेट करते रहे हैं और कई ऐसे मामले हैं जिसमें उन्होंने गोपनीय ढंग से ऐसा किया। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि उन्होंने कई ऐसे डील किए जिसमें फर्टिलिटी क्लीनिक की बजाए जरूरतमंद परिवारों से उन्होंने सीधा डील कर लिया।
नीदरलैंड्स में जोनाथन ने 102 बच्चों के जन्म में दिया योगदान
नीदरलैंड्स में जोनाथन जैकब ने 102 बच्चों के जन्म में अपना योगदान दिया है। इसके लिए करीब दर्जनभर फर्टिलिटी क्लीनिक्स ने उनसे स्पर्म लिया था जबकि नीदरलैंड्स में साल 2017 से ही उनके स्पर्म डोनेट करने पर रोक लगी हुई है, हालांकि बताया जाता है कि नीदरलैंड्स के बाहर वो अपना स्पर्म भेजते रहे हैं| जोनाथन खुद इस बात को एक हलफनामे में कबूल कर चुके हैं कि उन्होंने 550 से भी ज्यादा बच्चों के जन्म में योगदान दिया है। उन पर अवैध ढंग से स्पर्म डोनेट करने के मामले में भारी जुर्माना भी लगाया गया है।

‘द मैन विद 1000 किड्स’ के लिए 4 साल तक रिसर्च
नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म को बनाने वाली निर्माता नताली हिल बताती हैं कि उन्होंने करीब 4 साल तक रिसर्च किया और कई ऐसे परिवारों से इस दौरान मुलाकात की जो इस मामले में प्रभावित हुए हैं। इनमें से कई ऐसे परिवार हैं जिन्होंने जोनाथन जैकब स्पर्म डोनेशन मामले में अपना हैरान कर देने वाला बयान दर्ज किया है।
‘द मैन विद 1000 किड्स’ को जोनाथन ने बताया झूठी कहानी
जोनाथन ने नेटफ्लिक्स की डॉक्युमेंट्री पर अपना पक्षा रखा है और बताया कि इस कहानी में पूरी सच्चाई नहीं दिखाई गई है, उन्होंने मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘द मैन विद 1000 किड्स’ में उन लोगों को ज्यादा दिखाया है जो नाखुश हैं बल्कि ऐसे लोगों की संख्या कहीं ज्यादा है जिन्हें खुशी का एहसास है, वो इसके लिए एहसानमंद हैं, इसलिए फिल्म एक मनगढ़ंत कहानी पर बनी है जिसमें झूठ बहुत ज्यादा है। वो ये भी कहते हैं कि सैकड़ों बच्चों के गर्भधारण के लिए स्पर्म डोनेट करने में कुछ भी गलत नहीं है।

