चीन के झेजियांग प्रांत के हांगझोउ में एक ऐसा अनोखा मानवयुक्त विमान सामने आया है, जिसे देखकर आप भी हैरान हो सकते हैं। इसमें पायलट बैठकर नहीं, बल्कि खड़े होकर हवा में उड़ता है।
कई बेहद हल्के विमान खेतों के बीच से उड़ान भरते नजर आए। ये जमीन से करीब 5 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहे थे और इनकी अधिकतम रफ्तार करीब 36 किलोमीटर प्रति घंटा थी। विमानों ने एक साथ और अलग-अलग क्रम में उड़ान भरकर प्रदर्शन किया।

फूल जैसा प्लेटफॉर्म और चार प्रोपेलर
इस विमान में पायलट एक प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहता है और दोनों हाथों से जॉयस्टिक के जरिए उड़ान को नियंत्रित करता है। इसका बेस करीब 3.5 मीटर व्यास वाला फूल के आकार का प्लेटफॉर्म है। इसकी चार पंखुड़ियों जैसी संरचनाओं में प्रोपेलर फैन लगाए गए हैं।
इस खड़े होकर उड़ने वाले मानवयुक्त विमान को कूलफ्लाई (झेजियांग) एयरक्राफ्ट टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड ने लॉन्च किया है।

कंपनी के मुताबिक, विमान में सुरक्षा के लिए दोहरी उड़ान नियंत्रण प्रणाली लगाई गई है। यानी उड़ान के दौरान दो नियंत्रण सिस्टम एक साथ काम करते हैं और खतरा होने पर एक-दूसरे की मदद कर सकते हैं।
विमान में बेस के नीचे एयरबैग और पीछे पैराशूट जैसी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी दी गई है।
यह भी पढ़ें – लातविया में घुसा ड्रोन, नाटो के लड़ाकू विमानों ने मार गिराया

