Monday, August 31, 2026
HomeLatestपटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से मची अफरा-तफरी, केशव प्रसाद मौर्य ने लिया...

पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से मची अफरा-तफरी, केशव प्रसाद मौर्य ने लिया संज्ञान; अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा पर हादसे के बाद उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत-बचाव तेज करने के निर्देश दिए, दोषियों पर कठोर कार्रवाई के आदेश

प्रयागराज/लखनऊ, 31 अगस्त 2026। प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा के पास पिपरी थाना क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तत्काल संज्ञान लिया। घटना में जनहानि की जानकारी मिलते ही उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज और कौशाम्बी के जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्त प्रयागराज, पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी तथा दोनों जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि राहत एवं उपचार के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

घटना में घायल लोगों का उपचार प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में किए जाने की जानकारी मिलने के बाद केशव प्रसाद मौर्य अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी।

उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से घायलों की स्थिति और चल रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित और प्रभावी उपचार के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी को घटनास्थल पर रहने के निर्देश

केशव प्रसाद मौर्य ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित जिलाधिकारी को घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री ने घटना के कारणों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, कौशाम्बी को दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि जांच में किसी व्यक्ति की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें – मऊ के सनबीम स्कूल में ‘Science and Maths Mela 2026’ का आयोजन, बच्चों ने दिखाया इनोवेशन और वैज्ञानिक सोच का हुनर

जनहानि पर जताया दुख

केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।” उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments