लखनऊ, 5 सितंबर 2026। अयोध्या के बीकापुर विकासखंड के ग्राम खजुराहट निवासी श्रीमती अर्पिता पाण्डेय और उनके परिवार को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किया गया है। परिवार के जर्जर कच्चे मकान में रहने की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर परिवार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की देरी न हो।

जर्जर मकान में रह रहा था परिवार
अर्पिता पाण्डेय पत्नी प्रेम प्रकाश अपने बच्चों के साथ जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इन निर्देशों के बाद संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत अर्पिता पाण्डेय का आवास स्वीकृत किया। साथ ही परिवार को शौचालय सहित अन्य पात्रता आधारित और अनुमन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहने के लिए मजबूर न हो। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की ग्रामीण आवास योजनाओं के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को आवास के साथ-साथ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से भी योजनाओं की पात्रता के अनुसार जोड़ा जाना चाहिए।
जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के उत्थान और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद परिवारों की परिस्थितियों पर नजर रखी जाए और किसी पात्र व्यक्ति की समस्या सामने आने पर नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अमेठी के मामले का भी दिया उदाहरण
उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इससे पहले अमेठी में 70 वर्षीय श्रीमती विधावती के कच्चे मकान के गिरने की जानकारी मिलने पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने उनसे दूरभाष पर बातचीत की थी और अधिकारियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें – मऊ के क़ायम मेहदी को दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश IT Head की जिम्मेदारी

